जशपुरनगर 16 मार्च 2026/नालसा योजना के तहत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर सत्येन्द्र कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना पत्थलगांव में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन विगत दिवस 15 मार्च 2026 को किया गया। उक्त विधिक साक्षरता शिविर कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर के द्वारा प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास पत्थलगांव में विधिक जागरूकता, बाल विवाह, मानव तस्करी, नशा मुक्ति, बाल श्रम, साइबर फ्रॉड, मोटर यान के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को कानून की मूलभूत जानकारी प्रदान करते हुए विधि की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, न्याय और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को कानून की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक व्यक्ति न केवल स्वयं को सुरक्षित रख सकता है, बल्कि समाज में अपराधों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
भानु प्रताप सिंह त्यागी, जिला एवं प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कुनकुरी एवं माननीय बलराम कुमार देवांगन, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कुनकुरी के द्वारा प्रकाश हाई स्कूल पत्थलगांव में एवं माननीय जनार्दन खरे, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी जशपुर के द्वारा बी.टी.आई होली क्रॉस पत्थलगांव में विधिक साक्षरता, नशा मुक्ति, बाल श्रम, साइबर फ्रॉड, मोटर यान नशीली दवाओं के दुरुपयोग, शिक्षा का अधिकार, गुड टच एवं बैड टच घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में श्रीमती सरोजनी जर्नादन खरे जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश जशपुर न्यायालय के अति. न्यायाधीश जशपुर, श्रीमती सुमन सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जशपुर, कु० श्वेता बघेल सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर, क्रांति कुमार सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जशपुर, श्रीमती अंकिता यदु न्यायिक मजिस्ट्रेट कनिष्ठ श्रेणी बगीचा, जिला जशपुर, कु० श्वेता अवस्थी, न्यायिक मजिस्ट्रेट कनिष्ठ श्रेणी पत्थलगांव भी उपस्थित रहे।