
Parenting Tips: हर माता-पिता की यही चाहत होती है कि उनके बच्चे जीवन में आगे चलकर समझदार, जिम्मेदार और अच्छे इंसान बनें. लेकिन इसके लिए बच्चों को सिर्फ अच्छे स्कूल में पढ़ाना या किताबी नॉलेज देना ही काफी नहीं होता. बच्चे समझदार बनेंगे या नहीं, यह काफी हद तक घर के माहौल, माता-पिता की आदतों और उनके व्यवहार पर भी निर्भर करता है. बच्चों का दिमाग बहुत तेज होता है और वे अपने आसपास की छोटी से छोटी चीज को भी ध्यान से देखते हैं. यही वजह है कि अगर माता-पिता अपने बच्चों को समझदार बनाना चाहते हैं, तो उन्हें जल्द से जल्द कुछ अच्छी आदतें अपनानी चाहिए. अगर आप भी चाहते हैं कि आपका बच्चा जीवन में समझदार और बेहतर इंसान बने, तो यह आर्टिकल आपके लिए है. आज हम आपको ऐसी कुछ आदतों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर माता-पिता अपने बच्चों को समझदार और जिम्मेदार बना सकते हैं. तो चलिए इन आदतों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
बच्चों की बातों को ध्यान से सुनना
अक्सर माता-पिता यह गलती कर देते हैं कि बच्चों की बातों को छोटा समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. अगर आपकी भी यही आदत है तो यह बिलकुल भी ठीक नहीं है. आपको अपने बच्चे की बातों की ध्यान से सुनना शुरू कर देना चाहिए. जब आप उसकी बातों को ध्यान से सुनते हैं तो उसे ऐसा लगता है कि आप उसकी बातों को वैल्यू दे रहे हैं. ऐसा होने से बच्चे का कॉन्फिडेंस बढ़ता है और वह अपने दिल की बातों को खुलकर आपसे शेयर करता है. इस तरह के जो बच्चे होते हैं वे आगे चलकर दूसरों के सामने समझदारी से अपनी बातों को रखना सीखते हैं.
खुद अच्छा व्यवहार करना
बच्चे उन्हीं चीजों को सीखते हैं, जो वे अपने माता-पिता को अपने आसपास करते हुए देखते हैं. अगर घर के बड़े शांत दिमाग से और इज्जत से बातें करते हैं और गलती हो जाने पर माफी मांग लेते हैं, तो घर के बच्चे भी इसी आदत को अपनाना शुरू कर देते हैं. अगर आप अपने बच्चे को समझदार बनाना चाहते हैं तो आपको खुद भी दूसरों से साथ अच्छे से व्यवहार करना शुरू कर देना चाहिए.
बच्चों को छोटी जिम्मेदारियां देना
अगर आप बच्चों का हर काम खुद कर देते हैं तो इसकी वजह से भी बच्चों की आदत बिगड़ सकती है. वहीं, अगर बच्चों को छोटी-छोटी जिम्मेदारियां दी जाए, जैसे कि अपना स्कूल बैग संभालना, खिलौनों को सही जगह पर रखना या फिर पानी पीकर बोतल को वापस भरना, तो उनके अंदर एक जिम्मेदारी की भावना जागने लगती है. आपकी यह आदत उन्हें कॉन्फिडेंट और समझदार बनने में मदद करती हैं.
डांटने की जगह प्यार से समझाना
छोटे बच्चे गलतियां करते ही हैं, यह एक आम बात है. ऐसे में अगर आप अपने बच्चे को उसकी हर गलती पर डांटना शुरू कर देते हैं तो वह डरपोक भी बन सकता है. एक समझदार माता-पिता वही है जो एक सही तरीके और प्यार से अपने बच्चे को सही और गलत के बीच का फर्क सिखाते हैं. जब आप बच्चों को कोई भी बात शांति से समझाते है तो वह बेहतर तरीके से चीजों को समझता है.
बच्चों के साथ समय बिताना भी जरूरी
आज की बिजी लाइफस्टाइल में माता-पिता के पास अपने बच्चे के साथ बिताने के लिए समय ही नहीं होता है. लेकिन अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे का दिमाग ठीक से डेवलप हो, तो आपको उनके साथ जितना हो सके समय बिताने की कोशिश करनी चाहिए. जब आप अपने बच्चे के साथ खेलते हैं, उससे बातें करते है या फिर उनके साथ समय बिताते हैं, तो वे इमोशनली ज्यादा मजबूत इंसान बनने लगते हैं. आपकी यह आदत उनके दिमाग को बेहतर तरीके से डेवलप होने में मदद करती है.









