
खेल डेस्क। पोलिश स्टार ने अमांडा एनिसिमोवा पर 6-0, 6-0 की जीत के साथ पहला ऑल इंग्लैंड क्लब चैंपियनशिप खिताब जीता। जब मैच खत्म हुआ, तो स्वियातेक जश्न मनाने के लिए स्टैंड में गईं और वहां मौजूद कोर्टनी ने उन्हें गले लगाया।
इगा स्वियातेक ने विंबलडन 2025 में महिला एकल का खिताब जीता। शनिवार को फाइनल में उन्होंने अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को लगातार सेटों में 6-0, 6-0 से हरा दिया। यह उनका पहला विंबलडन का खिताब और ओवरऑल छठ ग्रैंडस्लैम खिताब रहा। विंबलडन का फाइनल देखने कई सितारे पहुंचे थे। इनमें प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडेलटन से लेकर अभिनेत्री कोर्टनी कॉक्स शामिल हैं। कोर्टनी कॉक्स को टीवी सिटकॉम ‘फ्रैंड्स’ के ‘मोनिका गेलर’ के किरदार के लिए जाना जाता है। स्वियातेक ‘फ्रैंड्स’ सीरीज की सबसे बड़ी प्रशंसक रही हैं। ऐसे में कोर्टनी उनका समर्थन करने सेंटर कोर्ट के रॉयल बॉक्स में मौजूद रहीं। जैसे ही स्वियातेक ने जीत हासिल की, कोर्टनी ने उन्हें गले लगाया और शाबाशी दी।
स्वियातेक ने कोर्टनी को लगाया गले
पोलिश स्टार ने अमांडा एनिसिमोवा पर 6-0, 6-0 की जीत के साथ पहला ऑल इंग्लैंड क्लब चैंपियनशिप खिताब जीता। जब मैच खत्म हुआ, तो स्वियातेक जश्न मनाने के लिए स्टैंड में गईं और वहां मौजूद कोर्टनी ने उन्हें गले लगाया। पिछले साल फ्रेंच ओपन के शुरू होने से पहले स्वियातेक कोर्टनी के साथ मस्ती के पल गुजारती दिखी थीं और उनके साथ टेनिस भी खेला था। इसके बाद जब स्वियातेक ने चौथी बार फ्रेंच ओपन टूर्नामेंट जीता था, तो उन्होंने विशेष रूप से निर्मित सफेद स्नीकर्स पहने थे। इन स्नीकर्स पर उनके जूता प्रायोजक ने बड़े अक्षरों में ‘द वन व्हेयर शी विन्स हर फिफ्थ ग्रैंड स्लैम’ लिखा था। फ्रेंड्स के हर एपिसोड के शीर्षक इसी तरह के होते थे। हर एपिसोड में ‘द वन व्हेयर…’ लिखा होता था।
मां को देखकर अमांडा एनिसिमोवा हुईं भावुक
स्वियातेक से हार के बाद अमांडा एनिसिमोवा सेंटर कोर्ट में दर्शकों से लगातार माफी मांगती रहीं। वह रोने लगीं और दर्शकों से कुछ कह तक नहीं पा रहीं थीं। अपने पहले बड़े खिताबी मुकाबले में हार के बाद 23 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी एनिसिमोवा ने अपनी मां का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने अपनी बेटी को खेलते देखने के लिए काफी लंबा सफर तय किया था और लंदन पहुंची थीं।
एनिसिमोवा के पिता का 2019 में निधन हो गया था। तब एनिसिमोवा की उम्र 17 साल की थी। उन्होंने कहा, ‘मेरी मां सबसे निस्वार्थ इंसान हैं जिन्हें मैं जानती हूं। उन्होंने मुझे इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए सब कुछ किया है।’ यह कहते हुए वह रो पड़ीं। उन्होंने आगे कहा, ‘यहां आने और फ्लाइट से आने के अंधविश्वास को तोड़ने के लिए आपका बहुत-बहुत शुक्रिया।’ फाइनल में 57 मिनट में अपनी हार का मजाक उड़ाते हुए एनिसिमोवा ने हंसते हुए कहा, ‘आपका फ्लाइट से आना निश्चित रूप से वह कारण नहीं है जिसकी वजह से मैं हारी हूं।’








